क़बीरधाम,,,,6 से 8 जुलाई तक होगा विशेष शिविर, 9 जुलाई से वार्डवार सर्वे होगा प्रारंभ

नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने पट्टा सर्वे कार्य हेतु पार्षदों के साथ की समीक्षा बैठक
कवर्धा-छत्तीसगढ़ सरकार ने नगरीय क्षेत्रों में रहने वाले आवासहीन लोगों के लिए बड़ा फैसला लिया है। “छत्तीसगढ़ नगरीय क्षेत्रों में आवासहीन व्यक्ति को पट्टाधृति अधिकार नियम, 2023” के तहत अब पात्र लोगों को शासकीय भूमि का निःशुल्क पट्टा 30 वर्षों के लिए प्रदान किया जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने 6 जुलाई से लेकर 8 जुलाई तक चलने वाले शिविर को लेकर नगर पालिका पार्षदों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर आवश्यक चर्चा की। उन्होंने कहा कि आवासहीन एवं पात्र हितग्राहियों को शासन की योजना का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य यह शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
योजना का लाभ दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता
नगरीय क्षेत्र में प्रस्तावित पट्टा सर्वे अभियान में सर्वे कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराया जाए। शासन की मंशा के अनुरूप पात्र एवं आवासहीन परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सर्वे के दौरान किसी भी पात्र हितग्राही का नाम छूटना नहीं चाहिए तथा सभी आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण किया जाए।
बैठक में सीएमओ ने दी जानकारी
बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी नारायण साहू ने बताया कि पट्टाधृति अधिकार नियम-2023 के तहत नगर क्षेत्र के पात्र आवासहीन व्यक्तियों को निर्धारित सीमा (800 वर्गफीट) तक नवीन पट्टा प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही अतिरिक्त कब्जे की भूमि का नियमितीकरण, अवैध अथवा अनियमित पट्टा हस्तांतरण का नियमितीकरण तथा भूमि उपयोग परिवर्तन से जुड़े प्रकरणों का भी सर्वे एवं परीक्षण किया जाएगा।नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका एव जिला प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा 6 जुलाई से 8 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है ।
इन स्थानों पर लगेंगे शिविर
कवर्धा में ये शिविर वीर सावरकर भवन कवर्धा में 6 से 8 जुलाई, पीजी कॉलेज डोम परिसर 7 एवं 8 जुलाई को तथा ठाकुर पारा भवन में 6 से 8 जुलाई तक लगाए जाएंगे। शिविरों में नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे, आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण होगा तथा पट्टा सर्वे एवं नियमितीकरण संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में बताया गया कि विशेष शिविरों के समापन के बाद 9 जुलाई 2026 से गठित सर्वे दल प्राथमिकता के आधार पर नगरीय निकायों के प्रत्येक वार्ड में घर-घर जाकर सर्वे कार्य प्रारंभ करेंगे। सर्वे दल निर्धारित प्रारूप में जानकारी संकलित करेंगे, उसका भौतिक सत्यापन करेंगे तथा पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार करेंगे। निर्धारित समय-सीमा 10 अगस्त 2026 से पूर्व संपूर्ण सर्वे कार्य पूर्ण कर लिया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभ प्रदान किया जा सके।
प्रशासन ने नागरिकों से की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में आयोजित शिविरों में उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत करें तथा सर्वे दलों को सही जानकारी उपलब्ध कराकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।



