कवर्धा

कबीरधाम पुलिस ने चोरी के मामले का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

कुल छह चोरी के दोपहिया वाहन बरामद, लगभग 1.56 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेन्द्र सिंह एवं श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी श्री आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में थाना कवर्धा पुलिस द्वारा वाहन चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के छह दोपहिया वाहन बरामद किया गया हैं। बरामद वाहनों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 56 हजार रुपये आंकी गई है।

कोतवाली थाना प्रभारी श्री योगेश कश्यप ने बताया कि प्रार्थी श्री मनहरण सिंह क्षत्रिय निवासी ग्राम रणवीरपुर थाना कवर्धा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 09 जेएफ 3893 अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई है। रिपोर्ट पर थाना कवर्धा में अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। मामले की जांच के दौरान पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से संदिग्धों की पहचान की गई। पूछताछ में आरोपी सुनील कोसले पिता कन्हैया कोसले (26 वर्ष), निवासी रविदासनगर कवर्धा एवं सोनू पिता संतराम (22 वर्ष), निवासी गंगानगर कवर्धा को पकड़ा गया जिन्होंने पूछताछ पर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कवर्धा, पंडरिया, बेमेतरा, रायपुर से मोटरसाइकिलें चोरी कर उन्हें अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा हूँ । आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने छह दोपहिया वाहन बरामद किए, जिनमें हीरो स्प्लेंडर, होंडा शाइन, बजाज प्लेटिना एवं अन्य मोटरसाइकिलें शामिल हैं। बरामद वाहनों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1.56 लाख रुपये आंकी गई है। विवेचना के दौरान यह भी पाया गया कि आरोपियों में से एक के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी सहित अन्य आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजे जाने की कार्रवाई की गई।

कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपने वाहनों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने तथा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button