कवर्धा

क़बीरधाम,,,,,अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित

आवेदन की अंतिम तिथि 3 जुलाई

कवर्धा, 25 जून 2026। पंजीकृत श्रमिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं उत्कृष्ट शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में पूर्णतः निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। आवेदन करने की अंतिम तिथि 3 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
जिला श्रम अधिकारी ने बताया कि योजना का लाभ ऐसे निर्माण श्रमिकों की प्रथम दो संतानों को मिलेगा, जिनका मंडल में कम से कम एक वर्ष पूर्व से वैध पंजीयन हो तथा छात्र-छात्राएं वर्तमान शैक्षणिक सत्र में कक्षा 6वीं में प्रवेश ले रहे हों। पात्र विद्यार्थियों का चयन शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा के साथ-साथ आवास, भोजन, अध्ययन सामग्री तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
योजना का उद्देश्य श्रमिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर अवसर एवं प्रतिस्पर्धी माहौल प्रदान करना है, जिससे उनके सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त हो सके। आवेदन श्रमेव जयते ऐप एवं पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किए जा सकते हैं। इसके अतिरिक्त श्रम संसाधन केंद्र, चॉइस सेंटर तथा श्रम पदाधिकारी कार्यालय, कबीरधाम में भी आवेदन जमा किए जा सकते हैं। आवेदन के लिए श्रमिक पंजीयन कार्ड एवं आधार कार्ड अनिवार्य रूप से संलग्न करना होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button